दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, पति और जेठानी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 13 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में उसके पति और जेठानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतिका भारती कश्यप की शादी वर्ष 2025 में जांजगीर के ग्राम जर्वे निवासी कृष्णा कश्यप से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति द्वारा दहेज को लेकर ताने देना, मारपीट करना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि मृतिका की जेठानी कविता कश्यप भी उसे दहेज के नाम पर परेशान करती थी।
परिजनों के बयान के अनुसार, भारती कश्यप ने कई बार अपनी मां और रिश्तेदारों को पति एवं जेठानी द्वारा किए जा रहे अत्याचार की जानकारी दी थी। परिवार के लोगों ने समझाइश भी दी, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।
मां को फोन कर बताई प्रताड़ना की बात
पुलिस जांच में पता चला कि 6 जुलाई 2025 की सुबह करीब 6 बजे भारती कश्यप ने अपनी मां को फोन कर मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आई दहेज प्रताड़ना
मामले की जांच के दौरान मृतिका की मां, भाई और अन्य रिश्तेदारों के विस्तृत बयान लिए गए। जांच में पति कृष्णा कश्यप और जेठानी कविता कश्यप द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट करने के तथ्य सामने आए।
इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम जर्वे में दबिश देकर आरोपी पति कृष्णा कश्यप (23 वर्ष) और जेठानी कविता कश्यप (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने दहेज को लेकर मृतिका को प्रताड़ित करने और मारपीट करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





