जांजगीर-चांपा: वायरल ऑडियो मामले में बड़ी कार्रवाई, व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर की सेवा समाप्त

जांजगीर-चांपा में वायरल ऑडियो मामले के बाद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ के व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई। जानिए पूरा मामला।
जांजगीर-चांपा, 13 जून 2026। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ में पदस्थ व्यायाम शिक्षक (संविदा) नलसाय दिवाकर की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, हाल ही में समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए नलसाय दिवाकर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। उनसे प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर मामले की जांच कराई गई।
प्रकरण की जांच अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जांजगीर द्वारा की गई। जांच के दौरान प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के अनुसार, नलसाय दिवाकर का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 03 के विपरीत पाया गया। इसके चलते छत्तीसगढ़ संविदा नियम 2012 के नियम 09 (7) के तहत उनकी संविदा सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं संविदा कर्मचारियों से निर्धारित आचरण नियमों का पालन अपेक्षित है तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





