Crime

चखना दुकान के बाहर से चोरी हुई ब्रेजा कार, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

चांपा में चखना दुकान के बाहर खड़ी 6 लाख रुपये की ब्रेजा कार चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। CCTV फुटेज और साइबर ट्रैकिंग की मदद से वाहन भी बरामद किया गया।

जांजगीर-चांपा, 24 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में चखना दुकान के बाहर खड़ी करीब 6 लाख रुपये की ब्रेजा कार चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। चांपा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी ट्रैकिंग की मदद से आरोपी तक पहुंचकर चोरी गई कार भी बरामद कर ली।

दुकान में सो रहे मालिक के सिरहाने से उठाई चाबी

पुलिस के अनुसार प्रार्थी मिर्जा अफजल बेग निवासी चांपा ने 23 जून 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित चखना दुकान के बाहर अपनी ब्रेजा कार क्रमांक CG 11 BS 5141 खड़ी कर रात में दुकान के अंदर सो गए थे। कार की चाबी और मोबाइल उनके सिरहाने रखे हुए थे। सुबह उठने पर चाबी और कार दोनों गायब मिले।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

शिकायत के बाद थाना चांपा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते और वाहन के पास आते-जाते दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान शुरू की।

साइबर ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान कन्हैया कश्यप (26 वर्ष) निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में हुई। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की मदद से तकनीकी ट्रैकिंग की गई और आरोपी को हथनेवरा फोरलेन के पास से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

चोरी गई ब्रेजा कार बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी को 24 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button