JANJGIR CHAMPA: शराबी दूल्हे को लौटाने वाली साहसी युवती बनी परिवार परामर्श केंद्र की महिला काउंसलर, जांजगीर-चांपा पुलिस ने किया सम्मानित

जांजगीर-चांपा की साहसी युवती ने शराब के नशे में धुत दूल्हे को देखकर बारात लौटा दी थी। अब जांजगीर-चांपा पुलिस ने उन्हें सम्मानित कर परिवार परामर्श केंद्र की महिला काउंसलर नियुक्त किया है।
जांजगीर-चांपा, 25 जून 2026। नशामुक्त समाज और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश देने वाली एक साहसी युवती को जांजगीर-चांपा पुलिस ने सम्मानित किया है। युवती ने अपने विवाह समारोह के दौरान शराब के नशे में धुत दूल्हे को देखकर साहसिक फैसला लेते हुए पूरी बारात को वापस लौटा दिया था। उनके इस निर्णय की पूरे क्षेत्र में व्यापक सराहना हुई थी।

थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा की रहने वाली इस युवती के साहस और आत्मसम्मान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया। साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव और पारिवारिक विवादों के समाधान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर में महिला काउंसलर नियुक्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवती का यह कदम नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों, सम्मान और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है और यह निर्णय अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, थाना प्रभारी चांपा अशोक वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल को महिला सम्मान, आत्मगौरव और नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। युवती को दिया गया यह सम्मान समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





