छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे सोठी आश्रम, नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, सेवा कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा के सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा कर सेवा और स्वास्थ्य कार्यों की सराहना की तथा नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई।

जांजगीर-चांपा, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में संचालित स्वास्थ्य, सेवा और पुनर्वास गतिविधियों का अवलोकन किया तथा संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इसे मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत उदाहरण बताया।

IMG 20260702 WA0318 Console Crptech

मुख्यमंत्री का आश्रम पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था द्वारा संचालित चिकित्सा, पुनर्वास और सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम वर्षों से समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों की निस्वार्थ सेवा कर रहा है। ऐसे संस्थान समाज में सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया और अस्पताल में उपलब्ध ओपीडी, पैथोलॉजी, एक्स-रे, आईसीयू तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का अवलोकन करते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने आश्रम परिसर की गौशाला का भी भ्रमण किया, गौमाता की पूजा-अर्चना की और गौसेवा का संदेश दिया। आश्रमवासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपहार भी भेंट किए।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम वर्ष 1962 से कुष्ठ रोगियों के उपचार, पुनर्वास और सामाजिक पुनर्स्थापना के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्था द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ कौशल विकास, जैविक खेती, गौसंवर्धन और ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं भी संचालित की जाती हैं।

Related Articles

Back to top button