Breaking news
CG News: सोलर पैनल लगाते समय करंट लगने से 2 युवकों की मौत

रायपुर, 4 जुलाई। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सोलर टेक्निशियन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन कर्मचारी एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पैनल या उससे जुड़ा उपकरण छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आना बताया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।





