छत्तीसगढ़

पद्म विभूषण तीजन बाई का जीवन कला साधकों के लिए प्रेरणादायी, बीटीएस फिल्म प्रोडक्शन चांपा ने दी श्रद्धांजलि

चांपा। विश्व प्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण सम्मान से अलंकृत तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बीटीएस फिल्म प्रोडक्शन, चांपा द्वारा श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों, साहित्यकारों और स्थानीय नागरिकों ने उनके चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा में साहित्यकार रमाकांत सोनी ने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी की कापालिक शैली को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने अपने अद्भुत कला प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाया।

फिल्म लेखक एवं कलाकार गिरधारी यादव ने कहा कि तीजन बाई का जीवन संघर्ष, मेहनत और समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने कठिन परिस्थितियों से निकलकर अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई, जो आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

साहित्यकार शशिभूषण सोनी ने उनकी प्रस्तुतियों को जीवंत और प्रभावशाली बताते हुए कहा कि उनकी कला हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी। वहीं स्वतंत्र पत्रकार एवं कलाकार अनंत थवाईत ने कहा कि तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया।

साहित्यकार एवं शिक्षक रविंद्र द्विवेदी ने कहा कि महाभारत की लोकगाथा को अपनी विशिष्ट शैली में प्रस्तुत करना तीजन बाई की सबसे बड़ी पहचान थी। अधिवक्ता एवं साहित्यकार महावीर सोनी ने चांपा में हुए उनके ऐतिहासिक कार्यक्रमों को याद करते हुए कहा कि कला जगत में उनका नाम सदैव स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।

बीटीएस फिल्म प्रोडक्शन के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर अखिलेश कोमल पांडे ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि तीजन बाई छत्तीसगढ़ की माटी की सच्ची पहचान थीं। उन्होंने पंडवानी के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति को विश्व पटल पर स्थापित किया और उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत लोकगायिका को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर रमाकांत सोनी, गिरधारी यादव, अखिलेश कोमल पांडे, अनंत थवाईत, शशिभूषण सोनी, रविंद्र द्विवेदी, महावीर सोनी, दिलीप नामदेव, कुश सोनी, गोविंद चावड़िया, सुनील कर्ष, आदर्श पांडे, कमल सागर, अनूप मसीह, देवव्रत देवांगन, प्रदीप यादव, विकास सोनी, राज सिंह राजपूत, प्रकाश देवांगन, संजू दादा सहित अनेक कलाकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button