छत्तीसगढ़

सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 15 नाबालिगों को पकड़ा, प्रत्येक पर ₹2-2 हजार का चालान

जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक दिन में 15 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई की। प्रत्येक पर ₹2,000 का चालान किया गया।

जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 15 नाबालिगों को वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रत्येक पर ₹2,000 का चालान किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को बुलाकर सख्त समझाइश दी गई कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में CSP जांजगीर, थाना जांजगीर पुलिस, थाना चांपा पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान जांजगीर और चांपा के विभिन्न स्कूलों के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई। जांच के दौरान 15 नाबालिग वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रत्येक प्रकरण में ₹2,000 का समन शुल्क वसूल किया।

इस अभियान को सामाजिक सहयोग भी मिला। चांपा के मनका पब्लिक स्कूल ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को नोटिस जारी कर नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल या स्कूटी से स्कूल नहीं भेजने की अपील की, जिसे पुलिस ने सराहनीय पहल बताया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनके जीवन और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में आगे भी नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने जिले के सभी अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन न चलाने दें। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाएं।

Related Articles

Back to top button