छत्तीसगढ़

फार्म हाउस में चोरी करने वाले दो शातिर भाई गिरफ्तार, बाइक समेत चोरी का सामान बरामद

जांजगीर-चांपा के सारागांव थाना क्षेत्र में फार्म हाउस चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। दो सगे भाई गिरफ्तार, चोरी का सामान और बाइक बरामद।

जांजगीर-चांपा, 8 जुलाई 2026। जांजगीर-चांपा जिले की सारागांव पुलिस ने फार्म हाउस में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल, प्लास्टिक चेयर, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पवन राठौर ने सारागांव थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि एनएच-49 स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने उनके फार्म हाउस से अज्ञात लोगों ने सबमर्सिबल पंप, बिजली तार, रॉड कटर मशीन, प्लास्टिक चेयर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है।

शिकायत के दौरान यह भी जानकारी मिली कि 7 जुलाई की रात दो युवक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर बोरी में सामान लेकर जाते दिखाई दिए थे। संदेह होने पर उनका पीछा किया गया और सूचना मिलने के बाद सारागांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि फार्म हाउस के लोहे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी की गई थी। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार गोयल (29 वर्ष) और महेश गोयल (27 वर्ष), दोनों निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं सारागांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button