छत्तीसगढ़

दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा: भीषण आग में बच्ची समेत 4 लोगों की मौत, CCTV वीडियो आया सामने

दुर्ग / छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी इलाके में मंगलवार को गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो गया। एक मकान में अचानक सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर उसकी चपेट में आ गया और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई घरों तक उसकी आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पहले घर से धुआं उठता दिखाई देता है, इसके कुछ ही देर बाद तेज धमाका होता है और आग तेजी से फैल जाती है। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बढ़ने और लगातार धमाके की आशंका के चलते लोग पीछे हट गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री गजेंद्र यादव और सांसद विजय बघेल मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर दुख जताया। मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं जिला प्रशासन ने भी 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गैस रिसाव को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button