छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 350 वाहनों की जांच में 5.50 लाख का जुर्माना

सड़क सुरक्षा के लिए विशेष अभियान, नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग सख्त
रायपुर, 12 जून 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए परिवहन विभाग ने राज्यव्यापी विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक करीब 350 वाहनों की सघन जांच की जा चुकी है। नियमों के उल्लंघन और विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 5.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित बनाना है। जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
स्लीपर बसों पर विशेष फोकस
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश ने सभी क्षेत्रीय एवं जिला परिवहन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित यात्री बसों, विशेष रूप से स्लीपर कोच बसों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान स्लीपर बसों में चालक दल के लिए बनाए गए अनधिकृत केबिन और स्लीपर बर्थ में लगाए गए अवैध स्लाइडरों को मौके पर ही हटाया जा रहा है। विभाग का मानना है कि ऐसे अवैध निर्माण यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं।
अग्निशमन और जीपीएस व्यवस्था की जांच
बसों में न्यूनतम 10 किलोग्राम क्षमता वाले अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही जीपीएस सिस्टम की कार्यशीलता की भी जांच की जा रही है। निर्धारित मानकों के विपरीत तैयार की गई बस बॉडी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
दस्तावेजों का किया जा रहा सत्यापन
अधिकारियों द्वारा बसों के पंजीयन, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और एआईएस-119 मानकों के अनुरूप निर्माण की विस्तृत जांच की जा रही है। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन मालिकों और संचालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
परिवहन आयुक्त ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान, परमिट निलंबन और लाइसेंस संबंधी कार्रवाई सहित सभी कानूनी विकल्पों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बस संचालकों को दी जा रही समझाइश
प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ परिवहन विभाग जागरूकता अभियान भी चला रहा है। विभिन्न जिलों में बस संचालकों और वाहन मालिकों की बैठक लेकर उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यात्री सुरक्षा से समझौता करने वाले किसी भी संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।





