जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3943 बोरी खाद जब्त

जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3943 बोरी उर्वरक जब्त किए। बम्हनीडीह, खरौद और सिलादेही में निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर गोदाम सील और विक्रय प्रतिबंध लगाया गया।
जांजगीर-चांपा, 06 जून 2026। खरीफ सीजन से पहले किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और उर्वरक वितरण में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। शनिवार को जिला जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3943 बोरी उर्वरक जब्त किए तथा कई कृषि केंद्रों पर विक्रय प्रतिबंध और गोदाम सील करने की कार्रवाई की।
उप संचालक कृषिराकेश शर्मा के नेतृत्व में जिले के उर्वरक निरीक्षकों की तीन अलग-अलग टीमों ने निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड, पॉस मशीन और गोदाम में उपलब्ध खाद की मात्रा में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।
बम्हनीडीह में 2491 बोरी खाद जब्त
कृषि विभाग को मिली शिकायत के आधार पर विवेक ट्रेडर्स, बम्हनीडीह का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और गोदाम में उपलब्ध खाद की मात्रा में भारी अंतर पाया गया।
निरीक्षण में गोदाम में मौजूद—
- यूरिया – 1786 बोरी
- टीएसपी – 300 बोरी
- सिंगल सुपर फॉस्फेट – 300 बोरी
- एनपीके – 105 बोरी
सहित कुल 2491 बोरी उर्वरक का रिकॉर्ड से मिलान नहीं हुआ। इसके बाद कृषि विभाग ने उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत संपूर्ण स्टॉक जब्त कर लिया।
खरौद में 616 बोरी खाद जब्त, गोदाम सील
दूसरी कार्रवाई प्रकाश कृषि केंद्र, खरौद (विकासखंड पामगढ़) में की गई। किसान की शिकायत पर जांच के दौरान पाया गया कि बिना पॉस एंट्री के अवैध रूप से खाद का भंडारण किया गया था।
यहां से कुल 616 बोरी उर्वरक जब्त किए गए। साथ ही खाद के विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगाते हुए गोदाम को सील कर दिया गया।
सिलादेही में 836 बोरी खाद पर विक्रय प्रतिबंध
कृषि विभाग की तीसरी टीम ने मेसर्स रामगोपाल साहू कृषि केंद्र, ग्राम सिलादेही (विकासखंड बम्हनीडीह) का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदाम में रखी 836 बोरी खाद का रिकॉर्ड सही तरीके से संधारित नहीं पाया गया।
इसके अलावा पॉस मशीन के आंकड़ों और उपलब्ध स्टॉक में अंतर मिला तथा किसानों को सही तरीके से बिल जारी नहीं किए जाने की शिकायत भी सही पाई गई। इसके चलते विभाग ने संबंधित खाद स्टॉक पर विक्रय प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की।
किसानों के हित में जारी रहेगी कार्रवाई
उप संचालक कृषिराकेश शर्मा ने कहा कि किसानों को शासकीय दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या अवैध भंडारण पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





