छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां झारखंड में बंधक? नौकरी के नाम पर मानव तस्करी का बड़ा खुलासा

रायपुर / छत्तीसगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र की एक युवती के गुप्त संदेश और वायरल वीडियो के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि छत्तीसगढ़ की करीब 35 युवतियों को झारखंड ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया है और उनसे जबरन काम कराया जा रहा है।

गुप्त मैसेज से हुआ खुलासा

जानकारी के मुताबिक, एक युवती ने अपने गांव के युवक को मोबाइल के जरिए मदद का संदेश भेजा था। युवती ने बताया कि उसे नौकरी और ट्रेनिंग का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया, जहां उसे जबरन रोका गया है। यह संदेश और उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।

वायरल वीडियो में दिखीं कई युवतियां

पहले वायरल वीडियो में कुछ युवतियां एक मकान की छत पर दिखाई दे रही हैं। वीडियो बना रही लड़की दूसरी युवती से पूछती है कि उसे वहां अच्छा लग रहा है या नहीं। इस पर दूसरी लड़की रोते हुए “नहीं” कहती सुनाई देती है। बातचीत के दौरान वह खुद को धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र का बताती है।

दूसरे वीडियो में एक युवती अपना नाम करुणा बताती नजर आती है। वीडियो में मौजूद एक महिला यह कहते हुए दिखाई देती है कि “एक हफ्ते यहां रही हो, उसका पैसा कौन देगा?” साथ ही वह लड़कियों को वापस नहीं जाने देने जैसी बातें करती सुनाई देती है। इन वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुरू किया रेस्क्यू प्रयास

मामले की जानकारी मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी ने युवतियों को सुरक्षित वापस लाने की पहल शुरू की। बताया जा रहा है कि झारखंड के गढ़वा जिले के प्रशासन और पुलिस से संपर्क कर रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने बताया कि कुछ युवतियां नर्सिंग कार्य और ट्रेनिंग के नाम पर झारखंड गई थीं। प्रशासन को गढ़वा जिले से फोन कॉल प्राप्त हुए, जिनमें लड़कियों को बंधक बनाकर रखने की शिकायत की गई।

उन्होंने कहा कि कांकेर प्रशासन झारखंड के गढ़वा कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवतियां कांकेर जिले की नहीं हैं। कुछ युवतियों ने खुद को बालिग बताते हुए स्वेच्छा से वहां रहने की बात भी कही है। प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है।

एक युवती ने बंधक बनाए जाने की शिकायत की

कलेक्टर के अनुसार, एक युवती ने स्पष्ट रूप से शिकायत की है कि उसे जबरन रोका गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लड़कियां वहां तक कैसे पहुंचीं और उन्हें किसके माध्यम से भेजा गया। स्थिति स्पष्ट होने के बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए युवतियों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

गढ़वा पुलिस ने बनाई विशेष टीम

झारखंड के गढ़वा जिले की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया है। टीम युवतियों की तलाश, पूछताछ और कथित मानव तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ लड़कियों से जबरन काम कराया जा रहा था।

परिजनों में चिंता, कार्रवाई की मांग तेज

घटना के बाद प्रभावित परिवारों में डर और चिंता का माहौल है। परिजन अपनी बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं। वहीं ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में सक्रिय कथित मानव तस्करी गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button