छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: “ऑपरेशन तलाश” में 4056 गुमशुदा लोगों को खोजा

एक महीने के विशेष अभियान में 545 बच्चे समेत हजारों लोग मिले, कई को दूसरे राज्यों से सुरक्षित वापस लाया गया

रायपुर, 05 मई 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस ने गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए चलाए गए “ऑपरेशन तलाश” अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चले इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 4056 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला, जिनमें 545 बच्चे और 3511 महिला एवं पुरुष शामिल हैं।

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान को राज्यभर में गंभीरता से लागू किया गया। पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और नोडल अधिकारियों ने विशेष टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बरामद किए गए लोगों में 75 बालक, 470 बालिकाएं, 972 पुरुष और 2539 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा, एक बड़ी उपलब्धि यह भी रही कि 182 गुमशुदा व्यक्तियों को अन्य राज्यों जैसे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश से खोजकर सुरक्षित वापस लाया गया।

जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो दुर्ग जिले से 683, बिलासपुर से 648 और रायपुर से 426 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजा गया, जो इस अभियान की सफलता में प्रमुख योगदान रहा।

पुलिस द्वारा बरामद सभी बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को विधिवत उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। यह अभियान छत्तीसगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और प्रभावी कार्यशैली का एक सशक्त उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button