Chhattisgarh Bus Accident: यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, कई घायल
कोरबा से सारंगढ़ जा रही बस करनौद गांव के पास अनियंत्रित होकर पलटी, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

जांजगीर-चांपा, 03 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा से सारंगढ़ की ओर जा रही एक यात्री बस ग्राम करनौद (थाना बिर्रा क्षेत्र) के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में घायल 14 यात्रियों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, हालांकि 5 यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और बस पलटने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।





