Accident

अकलतरा सड़क हादसा: 150 किलोमीटर पीछा कर फरार दुर्घटनाकारित वाहन बिलासपुर में पकड़ा, एक की मौत

अकलतरा में सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत और दो घायल हुए। पुलिस ने 150 KM पीछा कर वाहन बिलासपुर में पकड़ा।

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद फरार हुए दुर्घटनाकारित वाहन को पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर बिलासपुर के सकरी में पकड़ लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को डायल-112 की टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

सड़क किनारे बातचीत कर रहे तीन लोगों को ट्रक ने मारी टक्कर

घटना 7 अगस्त 2026 की है। जानकारी के अनुसार राइस मिल श्रमिक सूरज कुमार यादव (26 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल से मनीष मरावी (25 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा को लेकर राइस मिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे दुर्गेश केंवट (21 वर्ष) के साथ सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे।

इसी बीच जांजगीर की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड छह चक्का वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए तीनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय बिलासपुर की ओर फरार हो गया।

हादसे में एक युवक की मौके पर मौत

दुर्घटना में मनीष मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज यादव और दुर्गेश केंवट के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों अचेत हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

150 किलोमीटर पीछा कर बिलासपुर में पकड़ा वाहन

घटना के बाद अकलतरा पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने फरार वाहन का पीछा किया।

पुलिस टीम ने करीब 150 किलोमीटर तक लगातार पीछा करते हुए बिलासपुर के सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास दुर्घटनाकारित वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 को पकड़ लिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वाहन बरामद

अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार पीछा करने के चलते हादसे के बाद फरार हुए वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू सहित थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ एवं डायल-112 टीम का सराहनीय योगदान रहा।

वीडियो

Related Articles

Back to top button