Accident

CG News: चाय बनाते समय करंट लगने से महिला की मौत, किचन के टीन शेड में उतरा था करंट

बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी कला में किचन के टीन शेड में करंट उतरने से 40 वर्षीय महिला आशा देवी रजक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी कला में सोमवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के किचन में चाय बना रही थी, तभी टीन शेड में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आशा देवी रजक (40 वर्ष) के रूप में हुई है। रोज की तरह सोमवार सुबह वह किचन में चाय बनाने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने किचन के टीन शेड को छुआ, जिसमें किसी कारणवश बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि किचन के टीन शेड में बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हुआ।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बिजली की वायरिंग या अर्थिंग में खराबी के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button