छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय ने PM नरेंद्र मोदी को भेंट की ‘माता कौशल्या के राम’ बेल मेटल कलाकृति
नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला और संस्कृति की झलक, रामलला दर्शन योजना का भी किया जिक्र

रायपुर/नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें बेल मेटल से निर्मित ‘माता कौशल्या के राम’ की विशेष कलाकृति भेंट की। यह कलाकृति प्रदेश की समृद्ध जनजातीय परंपरा, आस्था और उत्कृष्ट शिल्पकला का प्रतीक मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ वह पावन भूमि है, जहां भगवान राम का ननिहाल स्थित है और यह प्रदेश राम के जीवन और आदर्शों से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि यह कलाकृति न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि जनजातीय समाज की सृजनशीलता और सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या राम मंदिर का निर्माण भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के माध्यम से हजारों श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर रहे हैं, जिससे लोगों में आस्था और जुड़ाव बढ़ रहा है।
साय ने आगे कहा कि राज्य सरकार प्रभु राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा, संस्कार और सुशासन के मार्ग पर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।





