छत्तीसगढ़

पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, एम्स रायपुर पहुंचकर किया अंतिम नमन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर एम्स पहुंचकर पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनका निधन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है।

रायपुर, 5 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मान से अलंकृत डॉ. तीजन बाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना और विलक्षण प्रतिभा के बल पर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पंडवानी लोकगायन शैली को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने अपने जीवनभर लोककला और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला जगत और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत लोक कलाकार को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Back to top button