Politics

X पर ब्लॉक हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का अकाउंट, 4 दिनों में 1.35 करोड़ फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर BJP से भी आगे निकला

नई दिल्ली / सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए व्यंग्यात्मक राजनीतिक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का X (पहले ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब यह संगठन कुछ ही दिनों में लाखों युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया था।

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए जानकारी दी कि उनका X अकाउंट भारत में रोक दिया गया है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में रोक दिया गया है।”

फिलहाल X पर उनके हैंडल @CJP_2029 को सर्च करने पर “Account Withheld” का नोटिस दिखाई दे रहा है। नोटिस के अनुसार, यह प्रतिबंध एक कानूनी मांग (Legal Demand) के जवाब में केवल भारत में लागू किया गया है।

इंस्टाग्राम पर रिकॉर्डतोड़ लोकप्रियता

कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर बेहद कम समय में बड़ी लोकप्रियता हासिल की है। दावा किया जा रहा है कि संगठन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर महज 4 दिनों में 13.5 मिलियन (1.35 करोड़) से अधिक फॉलोअर्स जुड़ गए।

फॉलोअर्स के मामले में यह संख्या भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से भी अधिक बताई जा रही है। बीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 88 लाख फॉलोअर्स हैं।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश को लेकर सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी वायरल हुई। इसी टिप्पणी को लेकर बेरोजगार युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस शुरू हो गई।

इसके बाद अभिजीत दिपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत की। यह मंच खुद को बेरोजगार और निराश युवाओं की आवाज बताता है। लॉन्च होने के 24 घंटे के भीतर ही हजारों लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।

युवाओं के बीच तेजी से बढ़ी पकड़

सोशल मीडिया पर मीम्स, व्यंग्यात्मक पोस्ट और राजनीतिक कटाक्ष के जरिए CJP ने बड़ी संख्या में युवाओं का ध्यान खींचा। कई यूजर्स इसे मौजूदा व्यवस्था और बेरोजगारी को लेकर युवाओं की नाराजगी का प्रतीक भी बता रहे हैं।

हालांकि, X पर अकाउंट ब्लॉक होने के बाद अब इस संगठन को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है।

Related Articles

Back to top button