News

जांजगीर-चांपा के 175 युवा अग्निवीर भर्ती में चयनित, कलेक्टर ने किया सम्मानित

जांजगीर-चांपा जिले के 175 युवाओं का अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। चयनित युवाओं का सम्मान समारोह आयोजित कर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उन्हें सम्मानित किया।

जांजगीर-चांपा, 20 जून 2026। भारतीय थलसेना अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) और शारीरिक दक्षता परीक्षण में सफलता हासिल कर जिले के कुल 175 युवाओं का अंतिम चयन अग्निवीर के रूप में हुआ है। इस उपलब्धि पर चयनित युवाओं के सम्मान में आकांक्षा आवासीय विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी युवाओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

IMG 20260620 WA0371 Console Crptech

जिला खेल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुब्रत प्रधान ने बताया कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण जनवरी 2026 में धमतरी में आयोजित किया गया था। युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से विशेष आवासीय प्रशिक्षण शिविर का संचालन किया था।

यह प्रशिक्षण शिविर सितंबर 2025 से जनवरी 2026 तक संचालित हुआ, जिसमें युवाओं को सेना भर्ती की शारीरिक परीक्षा के अनुरूप नियमित अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, ऊंचाई मापन सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और फिटनेस के प्रति भी जागरूक किया गया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने चयनित युवाओं और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता युवाओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश की सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है और सैनिक राष्ट्र की सुरक्षा के मजबूत आधार होते हैं।

कलेक्टर ने चयनित युवाओं से प्रशिक्षण शिविर के संबंध में फीडबैक भी लिया और भविष्य में प्रशिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित युवा देश सेवा के साथ-साथ जिले और प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगे।

सम्मान समारोह में भूतपूर्व सैनिक संघ के सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button