छत्तीसगढ़

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, छात्राओं को हर साल मिलेंगे ₹30 हजार

जांजगीर-चांपा में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को हर साल ₹30 हजार मिलेंगे। 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

जांजगीर-चांपा, 21 अगस्त 2026। अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले की अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने प्राचार्यों को अपने-अपने संस्थानों में पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में यह छात्रवृत्ति महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने महाविद्यालय स्तर पर छात्राओं को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पूरे स्नातक पाठ्यक्रम तक हर साल मिलेगी ₹30 हजार छात्रवृत्ति

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक प्रतिवर्ष 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। छात्रवृत्ति राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, किताबें, परिवहन और शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

किन छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ?

बैठक में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने छात्रवृत्ति की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।

योजना के तहत विशेष रूप से वे छात्राएं पात्रता के दायरे में हैं, जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई शासकीय विद्यालय से पूरी की है और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है।

कलेक्टर ने प्राचार्यों को पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।

31 अगस्त 2026 तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और ऑनलाइन है। प्रथम चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद द्वितीय चरण में 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे।

इच्छुक पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्राओं को निम्न दस्तावेजों की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी—

  • पिछले छह माह की पासपोर्ट साइज फोटो
  • आधार कार्ड
  • बैंक खाता विवरण
  • कक्षा 10वीं की मूल अंकसूची
  • कक्षा 12वीं की मूल अंकसूची
  • प्रवेश का प्रमाण-पत्र, जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र या ट्यूशन फीस रसीद

दस्तावेज निर्धारित PDF, JPG या PNG प्रारूप में अपलोड किए जा सकते हैं।

छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन

छात्रवृत्ति योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए छात्राएं स्कॉलरशिप वाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9019960536 पर संपर्क कर सकती हैं।

Related Articles

Back to top button