छत्तीसगढ़

निर्माणाधीन मकानों से बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी शामिल

चांपा, 2 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार और सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली वायर, 750 रुपये नकद और तार काटने का कटर बरामद किया है।

चौकीदार की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी सौरव कुमार सराफ ने 1 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोरवा पारा स्थित उनके निर्माणाधीन मकान में 31 मई की रात चोरी की घटना हुई थी। मकान के चौकीदार श्रवण कुमार यादव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान एक आरोपी को बिजली तार एवं कटर के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी उसी मकान से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के बिजली तार चोरी कर चुका है। इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 277/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

मारूति टाउनशिप में भी की थी चोरी

एक अन्य मामले में डॉ. राधेश्याम सोनी ने शिकायत दर्ज कराई कि मारूति टाउनशिप स्थित उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोरों ने सीसीटीवी कैमरा और बिजली के तार चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 278/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में खुला चोरी का राज

रात में पकड़े गए संदेही कार्तिक दास महंत से पूछताछ के दौरान चोरी के पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर निर्माणाधीन मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। चोरी किए गए बिजली तारों को जलाकर उनसे निकाले गए कॉपर वायर को मदन लाल बरेठ के पास बेचने की जानकारी भी दी।

इसके बाद पुलिस ने 2 जून 2026 को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • कार्तिक दास महंत (23 वर्ष), निवासी भाठापारा, चांपा
  • नारायण चौहान (19 वर्ष), निवासी भाठापारा, चांपा
  • मदन लाल बरेठ (35 वर्ष), निवासी नयापारा, चांपा (खरीददार)

पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?

  • लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर
  • बिजली वायर
  • 750 रुपये नकद
  • तार काटने का कटर

Related Articles

Back to top button