एजुकेशन

विदेश में पढ़ाई के इच्छुक छात्रों के लिए खुशखबरी, सक्ती जिला प्रशासन देगा निःशुल्क मार्गदर्शन और सहयोग

सक्ती जिला प्रशासन और एडु एक्सेस संस्था के सहयोग से विदेश में पढ़ाई के इच्छुक छात्रों को विश्वविद्यालय चयन, SOP, CV, IELTS, TOEFL, GRE, GMAT सहित पूरी तरह निःशुल्क मार्गदर्शन और मेंटरशिप मिलेगी।

सक्ती, 30 जून 2026। विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सक्ती जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला प्रशासन ने एडु एक्सेस (Edu Access) संस्था के साथ सहयोग स्थापित किया है। इस पहल के तहत विदेश में पढ़ाई के इच्छुक छात्रों को पूरी तरह निःशुल्क मार्गदर्शन, मेंटरशिप और आवेदन संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने बताया कि इस सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया, उपयुक्त विश्वविद्यालय का चयन और आवेदन से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सीवी (CV) तैयार करने, स्टेटमेंट ऑफ पर्पस (SOP) और पर्सनल स्टेटमेंट लिखने में भी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे छात्रों के चयन की संभावनाएं बढ़ेंगी।

उन्होंने बताया कि विदेश में अध्ययन के लिए आवश्यक IELTS, TOEFL, GRE और GMAT जैसी परीक्षाओं की तैयारी में भी विद्यार्थियों को सहायता प्रदान की जाएगी। यह सभी सेवाएं एडु एक्सेस संस्था द्वारा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

सीईओ वासु जैन के अनुसार, संस्था से जुड़े विशेषज्ञ स्वयं ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं और वे अपने अनुभवों के आधार पर छात्रों को मेंटरशिप देंगे। उन्होंने जिले के विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने और जिला पंचायत से संपर्क कर इस पहल से जुड़ने की अपील की।

Related Articles

Back to top button