एजुकेशन

Janjgir Champa: शिक्षा की गुणवत्ता पर कलेक्टर सख्त, बोर्ड परीक्षा तैयारी और समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश

प्राचार्यों और बीईओ की समीक्षा बैठक में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, एचपीवी टीकाकरण, अपार आईडी और नवाचार आधारित शिक्षण पर दिया जोर

जांजगीर-चांपा में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने, बोर्ड परीक्षा तैयारी, एचपीवी टीकाकरण और अपार आईडी निर्माण के निर्देश दिए।

जांजगीर-चांपा, 11 जुलाई 2026। जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक विद्यालय में नियमित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जाए।

IMG 20260711 WA0384 Console Crptech

कलेक्टर ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्ज छात्र संख्या के अनुरूप प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज हो तथा अनुपस्थित विद्यार्थियों के संबंध में आवश्यक फॉलोअप किया जाए। साथ ही किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

IMG 20260711 WA0382 Console Crptech

बैठक में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल की जाए। आवश्यकता होने पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने ऑनलाइन कक्षाएं, विशेष कक्षाएं, वीडियो लेक्चर और प्रोजेक्टर आधारित शिक्षण जैसे नवाचार अपनाने पर भी जोर दिया।

IMG 20260711 WA0383 Console Crptech

कलेक्टर ने समय-सीमा के भीतर पूरा पाठ्यक्रम समाप्त कराने, सभी शिक्षकों को नियमित रूप से दैनिक डायरी संधारित करने तथा समय-सारिणी के अनुसार पढ़ाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पाठ्यक्रम पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की विषयगत समझ और सीखने की क्षमता विकसित करना भी जरूरी है।

बैठक में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी पात्र विद्यार्थियों तक इनका समय पर वितरण सुनिश्चित करने और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रखने के निर्देश दिए।

विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिन स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल परिसरों के आसपास नशामुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए पान, गुटखा और अन्य नशे से संबंधित दुकानों की जानकारी संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

कलेक्टर ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं के शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने, ब्लूप्रिंट आधारित साप्ताहिक, मासिक, त्रैमासिक और अर्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित करने तथा नियमित शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए सभी विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया। वहीं अनधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में नियमित रूप से खेलकूद, योग, सांस्कृतिक, साहित्यिक, विज्ञान, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, जिले के सभी बीईओ, प्राचार्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button