नूंह में भीषण सड़क हादसा: KMP एक्सप्रेसवे पर 5 पुलिसकर्मियों की मौत
कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक टक्कर, शव गाड़ियों में फंसे; सभी मृतक बताए जा रहे हैं उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान

Nuh Accident News: हरियाणा के नूंह जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण हादसे में 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक वाहन चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे दूसरे वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान बताए जा रहे हैं।





