News

Israel Caregiver Jobs 2026: इजराइल में 3500 होम केयरगिवर पदों पर भर्ती, मिलेगा 2 लाख रुपये तक वेतन

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी!

जांजगीर-चांपा, 08 जून 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इजराइल में होम केयरगिवर (Home Caregiver) पदों पर रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इजराइली नियोक्ता द्वारा होम केयरगिवर के कुल 3500 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जहां उन्हें आकर्षक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

शैक्षणिक योग्यता और पात्रता

इन पदों के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, नर्सिंग सहायक, जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM), बीएससी नर्सिंग, केयरगिवर सर्टिफिकेट, फिजियोथेरेपी असिस्टेंट डिप्लोमा या फिजियोथेरेपी टेक्नीशियन डिप्लोमा धारक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही अंग्रेजी भाषा का बुनियादी ज्ञान, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। उम्मीदवार की न्यूनतम ऊंचाई 152 सेंटीमीटर और वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए।

मिलेगा 2 लाख रुपये तक मासिक वेतन

चयनित उम्मीदवारों को इजराइल में लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने का अनुमान है। इसके अलावा नियोक्ता द्वारा आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रारंभिक अनुबंध अवधि 2 वर्ष की होगी, जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

ऐसे करें आवेदन

इजराइल में होम केयरगिवर के रूप में कार्य करने के इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल के मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध विदेशों में रोजगार के अवसर (Israel Home Based Caregiver)” विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जांजगीर-चांपा में संपर्क कर भी पंजीयन कराया जा सकता है।

युवाओं के लिए सुनहरा मौका

विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन अवसर माना जा रहा है। स्वास्थ्य एवं देखभाल क्षेत्र से जुड़े योग्य अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने का सपना साकार कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button