छत्तीसगढ़

Janjgir Champa: जिला जेल खोखरा में दुष्कर्म के आरोपी ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा के जिला जेल खोखरा में नाबालिग अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

जांजगीर-चांपा। जिले की जिला जेल खोखरा से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी ने जेल परिसर के भीतर कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी दुवास केवट को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद 8 जून को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल खोखरा भेजा गया था। मंगलवार सुबह जेल के बाथरूम में उसका शव कपड़े के फंदे से लटका हुआ मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने बाथरूम में कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या की है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी ने जेल के भीतर आत्महत्या कैसे की, इसे लेकर जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही हैं।

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button