Accident

janjgir Champa Accident News: मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौत, चालक फरार

जांजगीर-चांपा के बलौदा थाना क्षेत्र में भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाले भारतमाला मार्ग पर हुआ। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुबह की सैर बनी आखिरी सफर

पुलिस के अनुसार ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) रोज की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

चालक वाहन सहित मौके से फरार

बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन एवं चालक की तलाश कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button