
शिवरीनारायण पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बांस का डंडा और कपड़े जब्त
जांजगीर-चांपा / जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में महिला कमांडो टीम पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गांव में शराब और गांजा बंद कराने को लेकर विवाद के दौरान महिला कमांडो सदस्यों पर बांस के डंडे से प्राणघातक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 8 बजे अष्टमुर्ति स्कूल के सामने गांव निवासी जय कुमार आदित्य उर्फ बादशाह (22 वर्ष), वार्ड नं. 06 मांझापारा खरौद, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा, महिला कमांडो के सदस्यों को अश्लील गालियां दे रहा था।
महिला कमांडो सदस्यों द्वारा गाली-गलौच से मना करने पर आरोपी ने धमकी दी कि “तुम लोग गांव में शराब और गांजा बंद कराते हो, तुम लोगों को जान से मारकर फेंक दूंगा।” इसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रार्थिया राजकुमारी आदित्य की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 62/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और पहने हुए कपड़े बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महिला सुरक्षा और नशामुक्ति अभियान पर हमला
यह घटना उस समय हुई जब महिला कमांडो टीम गांव में शराब और गांजा पर रोक लगाने के प्रयास में सक्रिय थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





