Janjgir Champa News: पोस्ट ऑफिस एजेंट का बड़ा फर्जीवाड़ा, 150 खाताधारकों से 1 करोड़ से ज्यादा की ठगी; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा के चांपा में पोस्ट ऑफिस आरडी के नाम पर 150 खाताधारकों से 1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट को गिरफ्तार कर मोबाइल, पासबुक और चेकबुक जब्त की है।
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस की आरडी (Recurring Deposit) के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं की। पूछताछ में आरोपी ने रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है।

आरडी में पैसा जमा करने का दिया भरोसा
पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं।
आरोपी ने पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर नियमित रूप से रकम जमा करने और बेहतर लाभ मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रार्थी से 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 तक कुल 1,21,200 रुपये जमा करने के नाम पर लिए गए। इन रकमों की एंट्री एजेंट द्वारा डायरी में की जाती थी।
पोस्ट ऑफिस में जमा मिले सिर्फ 21 हजार रुपये
जब प्रार्थी ने पोस्ट ऑफिस से अपने आरडी खाते की जानकारी ली तो खाते में केवल 21,000 रुपये जमा होना पाया गया। इस तरह कुल 1,00,200 रुपये खाते में जमा नहीं किए गए। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(3), 3(5) के तहत जांच शुरू की।
पूछताछ में 150 खाताधारकों से ठगी का खुलासा
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु, पिता राजेश गुप्ता, उम्र 39 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी की रकम आरडी खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पोस्ट ऑफिस के करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की रकम खातों में जमा नहीं की।
शेयर ट्रेडिंग ऐप में निवेश करने की बात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खाताधारकों से ली गई रकम को उसने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश किया था। मामले में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।





