Janjgir-Champa News: बोर्ड परीक्षा परिणाम खराब होने पर कलेक्टर सख्त, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्राचार्यों की ली बैठक

जांजगीर-चांपा, 18 मई 2026। जिले में लगातार खराब हो रहे बोर्ड परीक्षा परिणामों को लेकर कलेक्टर जम्मेजय महोबे ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पिछले तीन वर्षों के बोर्ड परीक्षा परिणामों और राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा की गई। कमजोर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के प्राचार्यों से जवाब तलब करते हुए कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने और अनुशासन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में कलेक्टर ने चेतावनी दी कि बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले या समय पर कोर्स पूरा नहीं कराने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को प्रत्येक शिक्षक का विस्तृत शैक्षणिक डाटा तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की तैयारी, टेस्ट आयोजन और कोर्स पूर्ण होने की जानकारी शामिल रहेगी।
विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष फोकस करते हुए कलेक्टर ने विषयवार प्रगति चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें छात्रों के प्राप्तांक, कमजोर विषय और कक्षा प्रदर्शन का रिकॉर्ड रखा जाएगा। कमजोर विषयों में अतिरिक्त अभ्यास और विशेष कक्षाएं संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पूरक परीक्षा की तैयारी की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी योजना बनाकर बेहतर मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए, ताकि वे आगामी परीक्षा में सफलता हासिल कर सकें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना सभी अधिकारियों और शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग सुधारने और बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए सभी को गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।





