Crime

Janjgir Champa News: झपटमार गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी शामिल

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने रास्ता रोककर मोबाइल और नकदी लूटने वाले झपटमार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी के 5 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल और 1900 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वीरेंद्र कुमार निवासी मोहरियामुड़ा थाना हरदीबाजार 28 मई 2026 को फसल कटाई के काम से नैला आया था। रात करीब 11 बजे वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। इसी दौरान पहरिया तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और बैग में रखे 3 मोबाइल फोन तथा 40 हजार रुपये नकद झपटकर फरार हो गए।

पीड़ित और उसके साथी ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक से गिरने के कारण उन्हें हल्की चोटें आईं। घटना के बाद थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीक से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • बलवेदव सूर्या, निवासी औराईखुर्द दर्राभाठा, चौकी नैला
  • पंकज यादव, निवासी करमंदी बड़े पारा, चौकी नैला
  • लखन कंवर, निवासी कचौरा, थाना उरगा, कोरबा
  • राकेश यादव, निवासी कचौरा, थाना उरगा, कोरबा
  • दुर्गेश सिंह, निवासी नवापारा, थाना उरगा, कोरबा

इसके अलावा मामले में 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

Related Articles

Back to top button