कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत उत्खनन पर शिकंजा, 200 ट्रैक्टर रेत वापस नदी में डलवाया गया, 2 हाईवा जब्त

जांजगीर-चांपा जिले में कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नवापारा में 200 ट्रैक्टर रेत नदी में वापस डलवाया गया और 2 हाईवा वाहन जब्त किए गए।
जांजगीर-चांपा / जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
ग्राम नवापारा में की गई जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण पाया गया। मौके पर भारी मात्रा में डंप की गई रेत को हटवाकर लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया।
इसके साथ ही अवैध परिवहन में संलिप्त 02 हाईवा वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है।
प्रशासन ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।





