
देर रात घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, पुलिस जांच में जुटी
जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम भंवतरा में अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घर में घुसकर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। अज्ञात बदमाश घर में घुसे और परिवार के सदस्यों पर टांगी जैसे धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70 वर्ष), कांति बाई (65 वर्ष), मोगरा (25 वर्ष), पीतांबर (17 वर्ष) के रूप में हुई है।
सुबह मिस्त्री पहुंचा तो खुला मामला
बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ था। सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री घर पहुंचा, तब उसने परिवार के सदस्यों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
परिवार पहले भी झेल चुका है हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक परिवार पहले भी बड़ी त्रासदी झेल चुका है। बताया जा रहा है कि परिवार के एक बेटे की करीब 16 से 17 वर्ष पहले भी हत्या हुई थी। हालांकि वर्तमान घटना से उसका कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
चार लोगों की सामूहिक हत्या के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





