छत्तीसगढ़

PM आवास योजना में ठगी: फिंगर स्कैनर से अंगूठा लगवाकर खाते से उड़ाए ₹55 हजार, पीड़िता ने थाने में शिकायत

अनिल चंद्रा, सक्ती / जिले के जैजैपुर क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने फिंगर स्कैनर और आई स्कैन के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) की राशि हड़प ली। पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत जैजैपुर थाने में दर्ज कराई है।

20260430 185248 Console Crptech

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, जैजैपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत नंदेली निवासी लकेश्वरी यादव के खाते से करीब ₹55,000 रुपये की ठगी की गई है। आरोप है कि गांव के ही गोपालदास वैष्णव ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता को अपने घर बुलाया और PM आवास योजना की राशि निकलवाने का झांसा दिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

आरोपियों ने पीड़िता से फिंगर प्रिंट (अंगूठा) और आंखों का स्कैन करवाया और यह कहकर वापस भेज दिया कि खाते में अभी पैसा नहीं आया है। लेकिन बाद में जब पीड़िता ने अन्य ऑनलाइन सेंटर से जांच कराई, तो पता चला कि उसी दौरान आरोपियों ने एयरटेल पेमेंट बैंक में खाता खोलकर उसमें अपना मोबाइल नंबर लिंक किया और DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए पूरी राशि ट्रांसफर कर ली।

शिकायत के बाद दबाव का आरोप

पीड़िता द्वारा जैजैपुर थाने में लिखित शिकायत देने के बाद अब आरोपी पक्ष के लोगों द्वारा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाए जाने की बात भी सामने आ रही है।

क्षेत्र में बढ़ रही ठगी की घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह के गिरोह पहले गांव में सर्वे कर यह पता लगाते हैं कि कौन व्यक्ति डिजिटल लेन-देन में कम जानकारी रखता है। इसके बाद उन्हें निशाना बनाकर फिंगर स्कैन और अन्य माध्यमों से उनके खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं।

क्या बोले ग्रामीण

ग्राम नंदेली के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि याज्ञेन्द्र चन्द्रा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीड़िता लकेश्वरी यादव ने न्याय की गुहार लगाई है।

Related Articles

Back to top button