भदराखार में जुआ फड़ पर पुलिस की रेड: 14 जुआरी गिरफ्तार, ₹1.03 लाख नकद और 2 बाइक जब्त | Janjgir-Champa News

जांजगीर-चांपा के भदराखार में शिवरीनारायण पुलिस ने जुआ फड़ पर छापा मारकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से ₹1.03 लाख नकद, दो बाइक और जुआ सामग्री जब्त की गई।
जांजगीर-चांपा, 08 जून 2026। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवरीनारायण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सिंघुल-भदराखार में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹1,03,800 नकद, दो मोटरसाइकिल समेत अन्य जुआ सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 07 जून 2026 की देर शाम शिवरीनारायण पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिंघुल-भदराखार में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा और 14 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹1,03,800 नकद, दो मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG22X7021 एवं SP-125), 52 पत्ती ताश की गड्डी, प्लास्टिक बोरी और फट्टी जब्त की है। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब ₹80 हजार बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राधेश्याम साहू, दिलीप कुमार पैकरा, विक्की वर्मा, कमलेश कैवर्त, गेंदराम कैवर्त, रतन केंवट, ओम कुमार कैवर्त, जगदीश दास मानिकपुरी, परमेश्वर देवांगन, सुनील केंवट, माधवराम लोहार, समीर प्रेमी, कमलनारायण साहू और भीमराम कैवर्त शामिल हैं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 194/2026 एवं 195/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।





