छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में पीएम आशा योजना के तहत चना, मसूर और सरसों की खरीदी शुरू, किसानों में उत्साह

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बेचने का मौका, अब तक 90 क्विंटल उपार्जन

जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण योजना (पीएम आशा योजना) के अंतर्गत जिले में रबी फसलों की खरीदी शुरू हो चुकी है। चना, मसूर और सरसों की सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

नेफेड (NAFED) द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए अधिसूचित दरों पर फसल खरीदी की जा रही है। इसके तहत चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर का 7000 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

जिले में चना और मसूर की खरीदी 1 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक की जाएगी, जबकि सरसों की खरीदी 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक निर्धारित है। पंजीकृत किसान अपनी उपज निर्धारित उपार्जन केंद्रों पर बेच सकते हैं।

इन केंद्रों पर हो रही खरीदी

जिले के विभिन्न विकासखंडों में किसानों के लिए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से:

  • सेवा सहकारी समिति जांजगीर
  • पामगढ़
  • बम्हनीडीह
  • अकलतरा

इन केंद्रों पर किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर अपनी फसल बेचकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।

इतने किसानों ने कराया पंजीयन

वर्तमान में जिले में कुल 391 किसानों ने योजना में पंजीयन कराया है, जिनमें:

  • 117 किसान चना उत्पादक
  • 18 किसान मसूर उत्पादक
  • 56 किसान सरसों उत्पादक शामिल हैं

अब तक हुई खरीदी

चारों उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 51 किसानों से लगभग 90 क्विंटल फसल खरीदी जा चुकी है, जिसमें:

  • चना: 14 क्विंटल
  • मसूर: 2 क्विंटल
  • सरसों: 74 क्विंटल शामिल है

किसानों के लिए जरूरी निर्देश

शेष पंजीकृत किसान अपनी फसल बेचने के लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और पंजीयन पावती (एकीकृत किसान पोर्टल/ई-समृद्धि पोर्टल) के साथ अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क करें। इसके बाद वे संबंधित सहकारी समितियों में अपनी उपज बेच सकते हैं।

पीएम आशा योजना के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। सरकार की इस पहल से किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से राहत मिल रही है और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।

Related Articles

Back to top button