मध्यप्रदेश

नवविवाहिता ने लगाई फांसी, 10 पन्नो के सुसाइड नोट ने खोले दर्दनाक सच

पीरियड्स में भी नही छोड़ा

मऊगंज / मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर संवेदनशील इंसान को झकझोर कर रख दिया है। पांती मिश्राम गांव में 24 वर्षीय नवविवाहिता करुणा द्विवेदी ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मामला सिर्फ खुदकुशी का नहीं, बल्कि उस अमानवीय प्रताड़ना की कहानी है, जिसे करुणा ने मरने से पहले 10 पन्नों के सुसाइड नोट में दर्ज किया है।

10 पन्नों का सुसाइड नोट, हर पन्ने पर दर्द

करुणा की शादी पिछले साल 8 मई को हुई थी, लेकिन सुसाइड नोट के अनुसार उसका वैवाहिक जीवन बेहद पीड़ादायक रहा। उसने अपने पत्र में पति और सास पर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। करुणा ने लिखा है कि उसे पीरियड्स के दौरान भी जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर बेरहमी से पीटा जाता था।

सुसाइड नोट में करुणा ने लिखा— “मैं तुम दोनों मां-बेटे को कभी माफ नहीं करूंगी। जो जुल्म मुझ पर किए गए, उसका फल तुम्हें जरूर मिलेगा।”

दहेज के लिए ताने और मारपीट

मृतका के भाई कुलदीप ने बताया कि करुणा की मां ने अपनी जमीन बेचकर शादी में 15 से 20 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। दहेज को लेकर आए दिन ताने दिए जाते और मारपीट की जाती थी। हालात से परेशान होकर 14 नवंबर को करुणा को मायके लाया गया था।

मोबाइल में बताए प्रताड़ना के सबूत

करुणा ने अपने सुसाइड नोट में मोबाइल का पासवर्ड भी लिखा है, जिसमें कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सबूत होने का दावा किया गया है। इससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

पुलिस जांच जारी

हाटा चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच एसडीओपी स्तर पर की जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल डेटा के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है— क्या करुणा के 10 पन्नों के दर्द को इंसाफ मिल पाएगा?

Related Articles

Back to top button