दुर्ग में Sex Racket का भंडाफोड़, आपत्तिजनक हालात में मिले 3 महिलाएं और 2 युवक

दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित लॉज में पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई। कथित देह व्यापार मामले में 7 लोग हिरासत में, नकदी और अन्य सामग्री बरामद, जांच जारी।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदिरा मार्केट स्थित एक लॉज में कथित देह व्यापार संचालित होने के मामले का खुलासा किया है। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर लॉज संचालक, तीन महिलाओं और ग्राहकों सहित कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से पहले एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर लॉज के अंदर भेजा गया। अंदर से गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद टीम ने तत्काल छापा मार दिया। यह कार्रवाई करीब पांच घंटे तक चली।
जांच में सामने आया कि लॉज के नीचे मिठाई और आइसक्रीम की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपर बने कमरों में कथित तौर पर अवैध गतिविधियां चल रही थीं। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से लगभग 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में कंडोम के पैकेट तथा अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस का कहना है कि लॉज में केवल पहले से परिचित ग्राहकों को ही प्रवेश दिया जाता था। नए ग्राहकों को सीधे एंट्री नहीं मिलती थी, जिससे पूरे नेटवर्क के सुनियोजित तरीके से संचालित होने की आशंका जताई जा रही है।
कार्रवाई आईपीएस हर्षित मेहर और डीएसपी भारती मरकाम के निर्देशन में की गई। पुलिस ने मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





