श्री राम मजदूर कल्याण समिति चुनाव: नागेंद्र गुप्ता बने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, 27 मई को होगा मतदान

चांपा। भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के हितों के लिए कार्यरत छत्तीसगढ़ राज्य से पंजीकृत संस्था श्री राम मजदूर कल्याण समिति में अध्यक्ष पद के निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति के करीब दो हजार सदस्य आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मतदान 27 मई 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक समिति के मुख्य कार्यालय केराझरिया में कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना कर विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति ने सर्वसम्मति से पूर्व पार्षद नागेंद्र गुप्ता को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं यासीन मेमन और किशन नामदेव को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नरेंद्र वैष्णव एवं विमल राठौर को सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) बनाया गया है।
समिति अध्यक्ष धजा राम साहू, संरक्षक समद बेग और बहरता राम धीवर ने नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सभी पदाधिकारियों से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की अपेक्षा जताई।





