जांजगीर-चांपा में झपटमारी का खुलासा, 48 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सोने का लॉकेट बरामद

जांजगीर-चांपा, 04 जून 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने झपटमारी की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना साइबर पुलिस और चौकी नैला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस सफलता को हासिल किया।
साइकिल सवार युवक से की थी झपटमारी
पुलिस के अनुसार, कन्हाईबंद निवासी चंद्रहास यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान शनि होटल के पास कन्हाईबंद रोड, नैला में बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसका मोबाइल फोन तथा गले में पहना सोने का लॉकेट झपटकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट का प्रयास भी किया।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर और चौकी नैला पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी झपटमारी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने अकेले साइकिल सवार युवक को मोबाइल पर बात करते देखा और झपटमारी की योजना बनाकर मोबाइल और सोने का लॉकेट लूट लिया था। आरोपी लूटे गए सामान को बेचकर रकम आपस में बांटने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपी
- हेमंत सारथी (21 वर्ष), निवासी सारथी मोहल्ला, जांजगीर
- कोमल कश्यप (19 वर्ष), निवासी जुना तालाब के पास, नैला
- एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।





