
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि राजधानी के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनभावना के अनुरूप आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मंगलवार को मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित रायपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ठोस रोडमैप तय किया।





