Crime

फल्ली बेचने वाले से मोबाइल और ₹8 हजार की लूट, 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा के मुलमुला थाना क्षेत्र में फल्ली बेचने वाले युवक से मोबाइल और ₹8 हजार की लूट करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नकदी, बाइक की चाबी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।

जांजगीर-चांपा, 22 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में फल्ली बेचकर लौट रहे एक युवक से मोबाइल फोन, ₹8 हजार नकद और बाइक की चाबी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में दो वयस्क और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹1500 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा पीड़ित की बाइक की चाबी बरामद की है।

फल्ली बेचकर लौट रहा था पीड़ित

पुलिस के अनुसार प्रार्थी अजय कुमार बारले निवासी बिसनपुर (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) 20 जून 2026 को अपनी TVS XL मोटरसाइकिल से फल्ली बेचकर ग्राम जेवरा से बोरसी की ओर लौट रहा था। रास्ते में उसकी बाइक खराब हो गई, जिसके बाद वह वाहन को ढकेलकर ले जा रहा था।

शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच नहर किनारे एक पेड़ के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर मोबाइल फोन, ₹8 हजार नकद तथा बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए।

साइबर तकनीक से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और साइबर तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम जेवरा निवासी प्राणनाथ केंवट उर्फ गुनवा (23 वर्ष) और राजविन्द उर्फ आर्यन यादव (18 वर्ष) सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।

लूट की रकम खर्च, मोबाइल नदी में फेंका

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम का अधिकांश हिस्सा खर्च कर दिया गया है। उनके पास से ₹1500 नकद बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि लूटा गया मोबाइल फोन उन्होंने लीलागर नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने मोबाइल की तलाश की, लेकिन वह बरामद नहीं हो सका।

आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button