Instagram पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी शिवम बरेठ को चांपा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
जांजगीर-चांपा, 14 जून 2026। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान शिवम बरेठ (22 वर्ष), निवासी धोबीपारा, थाना चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 13 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे संपर्क स्थापित किया और लगातार संदेश भेजकर दोस्ती की। कुछ समय तक बातचीत करने के बाद आरोपी ने पैसों का लालच देकर पीड़िता के बैंक खाते में राशि जमा कर दी।
पीड़िता द्वारा पैसे लेने से इनकार किए जाने पर आरोपी ने बाद में राशि लौटाने की बात कही। लेकिन करीब 10 से 12 दिनों बाद उसने पैसे वापस मांगने के बहाने युवती पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपी फोन पर गाली-गलौज करने लगा और बातचीत बंद करने पर युवती तथा उसकी मां को जान से मारने की धमकी देने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।





