नकली मंगलसूत्र को सोना बताकर ₹40 हजार की ठगी करने वाले 2 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

पामगढ़ पुलिस ने नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार किया। पुलिस ने नकदी और बलेनो कार भी जब्त की।
जांजगीर-चांपा | 27 जून 2026/ जांजगीर-चांपा जिले की पामगढ़ पुलिस ने नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी कारोबारी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी राशि 40 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी जब्त कर ली है।

ज्वेलरी दुकान संचालक से की गई ठगी
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 5 चांपा निवासी हिमांशु सोनी, जो वर्तमान में पामगढ़ में ‘केसर लाल एंड संस’ नाम से ज्वेलरी दुकान संचालित करते हैं, ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार (CG 04 QY 6279) से दो व्यक्ति उनकी दुकान पहुंचे। दोनों ने 50 हजार रुपये की तत्काल आवश्यकता बताते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही।
नकली बिल दिखाकर दिया झांसा
जब दुकानदार ने मंगलसूत्र का बिल मांगा तो एक आरोपी ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए एक नकली बिल प्रस्तुत किया। बिल और मंगलसूत्र देखकर दुकानदार ने उसे असली सोना समझ लिया और 40 हजार रुपये गिरवी के रूप में दे दिए।
रुपये लेकर दोनों आरोपी कार से फरार हो गए। बाद में जांच करने पर पता चला कि मंगलसूत्र सोने का नहीं बल्कि बेनटेक्स (इमिटेशन ज्वेलरी) का था। इसके बाद तत्काल थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा SDOP अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर बलौदा बाजार में दबिश दी गई, जहां दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- अमन सोनी (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, बलौदा बाजार
- अमित सोनी (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21, वैष्णव कॉलोनी, बलौदा बाजार
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद उन्हें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने जब्त किए
- ₹40,000 नकद
- बलेनो कार (CG 04 QY 6279)
- नकली (बेनटेक्स) मंगलसूत्र





