Train Accident News: जमुई में बड़ा ट्रेन हादसा: 17 बोगियां पटरी से उतरीं, 3 डिब्बे नदी में गिरे

रेल मार्ग बाधित, मेल-एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें डायबर्ट
जमुई / बिहार के जमुई जिले में देर रात करीब 12 बजे एक बड़ा रेल हादसा हुआ। सीमेंट से लदी मालगाड़ी की 17 बोगियां पटरी से उतर गईं। इसमें 3 बोगियां बधुआ नदी में गिर गईं, 2 बोगियां पलट गईं और 12 बोगियां एक-दूसरे पर चढ़ गईं। हादसा जसीडीह-झाझा रेल खंड के टेलवा बाजार हॉल्ट के पास, बधुआ नदी पर पुल संख्या 676 पर हुआ। ट्रेन जसीडीह से झाझा की ओर आ रही थी।
रेल परिचालन प्रभावित
डाउन ट्रैक पर डिब्बों के आने से रात 12 बजे से ही ट्रेनों का आवागमन बाधित गया है। हादसे के बाद कई ट्रेनें झाझा और जसीडीह स्टेशन पर रोक दी गईं। पूर्व रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे ने बुलेटिन जारी कर मेल-एक्सप्रेस, प्रीमियम, पैसेंजर और मालगाड़ियों के संचालन पर असर बताया। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुछ ट्रेनें डायवर्ट की गई हैं।
राहत और बचाव
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, RPF और GRP घटनास्थल पर पहुंचे। क्रेन से नदी में गिरे डिब्बों को निकालने और पटरी पर वापस लाने का काम जारी है।रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करें। वैकल्पिक मार्ग और डायवर्ट की गई ट्रेन की जानकारी रेलवे बुलेटिन, IVRS/139 और स्टेशन से प्राप्त करें। रेल मार्ग दुरुस्त करने और यातायात सुचारू करने के लिए रेलवे युद्ध स्तर पर काम कर रहा है।





