बाबा धाम आस्था का प्रमुख केंद्र: CM विष्णु देव साय ने महाशिवरात्रि पर की पूजा, ₹1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

रायपुर / महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ सपत्नीक पूजा में शामिल हुए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

₹1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री साय ने जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में शामिल हैं:
- मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श एवं शेड निर्माण
- श्रद्धालुओं के विश्राम और भोजन हेतु शेड निर्माण
- शौचालय परिसर भवन निर्माण
- पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से बाबा धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुव्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी।
“आध्यात्मिक ऊर्जा देती है सकारात्मक दिशा”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
वर्षों से आस्था का केंद्र है बाबा धाम
रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान भोलेनाथ और श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं। वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और अधिक बढ़ी। कहा जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





