
जांजगीर-चांपा / जिले के बिरंगहनी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब हसदेव नदी के पास बने रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
स्थानीय ग्रामीणों ने दोपहर रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने के बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिरंगहनी गांव निवासी आनंद राम महंत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य किसी आपराधिक एंगल से भी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मौके पर लगी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।





