
रायपुर, 31 मार्च 2026/ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। कप्तान किरण पिस्दा की बेहतरीन ऑलराउंड परफॉर्मेंस टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।

सेमीफाइनल में रोमांचक जीत
रायपुर के स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा।
किरण पिस्दा ने मैच के 18वें मिनट में गोल कर टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश ने वापसी करते हुए 41वें और 86वें मिनट में गोल कर मैच बराबरी पर ला दिया।
कप्तान बनीं गोलकीपर, बदल दिया मैच
पेनल्टी शूटआउट में कप्तान किरण ने बड़ा फैसला लेते हुए खुद गोलकीपर की भूमिका निभाई। उन्होंने दो शानदार बचाव किए और एक पेनल्टी गोल भी दागा, जिससे छत्तीसगढ़ ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच के बाद किरण ने कहा कि उनका लक्ष्य हर हाल में टीम को फाइनल तक पहुंचाना था और उन्हें अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था।
फाइनल मुकाबला किससे?
अब फाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला झारखंड और गुजरात के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। ग्रुप स्टेज में छत्तीसगढ़ पहले ही गुजरात को 2-1 से हरा चुका है।
हॉकी में कांस्य की उम्मीद बरकरार
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम भी पदक की दौड़ में बनी हुई है। टीम अब 1 अप्रैल को मध्य प्रदेश के खिलाफ कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेलेगी।
सेमीफाइनल में टीम को ओडिशा से 1-5 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन कप्तान कुजूर अश्विन के नेतृत्व में टीम वापसी के लिए तैयार है। हॉकी का फाइनल झारखंड और ओडिशा के बीच खेला जाएगा।





